Can plz help me out with a composition on सच्चा मित्र ?

'मित्रता' एक अनमोल धन है। यह ऐसी धरोहर है जिसका मूल्य लगा पाना सम्भव नहीं है। इस धरोहर के सहारे मनुष्य कठिन से कठिन समय से भी बाहर निकल जाता है। जीवन के संघर्षपूर्ण मार्ग पर उसके साथ उसका मित्र कन्धे-से-कन्धा मिलाकर चलता है। हर व्यक्ति को मित्रता की आवश्यकता होती है। वह चाहे सुख के क्षण हो या दुख के क्षण, मित्र उसके साथ रहता है। वह अपने दिल की हर बात निर्भयता से केवल अपने मित्र से कह सकता है। किसी विशेष गूढ़ बात पर मित्र ही उसे सही सलाह देकर उसका मार्गदर्शन करता है। मित्र ही उसका सही अर्थों में सच्चा शुभचिंतक, मार्गदर्शक  होता है। सच्ची मित्रता में प्रेम व त्याग का भाव होता है। मित्र की भलाई दूसरे मित्र का कर्त्तव्य होता है। वह जहाँ एक ओर माता के  समान उसे संभालता है तो पिता के जैसे सशक्त कन्धों का सहारा देता है। सच्चा मित्र वही कहलाता है जो विपत्ति के समय अपने मित्र के साथ दृढ़ता से खड़ा रहता है। रहीम जी ने कहा है– कह रहीम संपति सगे, बनत बहुत बहु रीत। बिपत्ति-कसौटी जे कसे, तेई साँचे मीत।। मित्रता के अनकों उदाहरण आपको इतिहास में ही मिल जाएँगे। कृष्ण व सुदामा की मित्रता, जहाँ अपने मित्र की करुणदशा देखकर कृष्ण ने सुदामा के नहीं अपितु अपने मित्र के पूरे गाँव को ही धन व वैभव से भर दिया था। सुग्रीव व श्री राम की मित्रता, जहाँ श्री राम ने सुग्रीव की मदद करने के लिए बाली का वध किया व उसे उसका खोया हुआ राज्य भी वापस दिलाया, वहीं दूसरी ओर सुग्रीव ने सीता को ढूँढ़ने व रावण से युद्ध करने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। इनकी मित्रता समाज में आदर्श-मित्रता थी। हमें चाहिए कि जब भी किसी को अपना मित्र बनाएँ तो सोच-विचार कर बनाएँ  क्योंकि एक सच्चा मित्र ही आपका साथ देकर आपको ऊँचाई तक पहुँचा सकता है। कपटी मित्र अपने स्वार्थ के लिए आपको पतन के रास्ते पर पहुँचा सकता है। जो आपके मुँह पर आपके सगे बनें और पीठ पीछे आपकी बुराई करें, ऐसी मित्रता को नमस्कार कहने में ही भलाई है।

  • 10
What are you looking for?