Advantage of computer and disadvantage of computer? Hindi essay writing.

मित्र कंप्यूटर के संबंध में हम अपने विचार दे रहे हैं। आप इसकी सहायता से अपना उत्तर पूरा कर  हैं।

  मनुष्य द्वारा कंप्यूटर की खोज (निर्माण) ने एक नई क्रांति को जन्म दिया। कंप्यूटर में उसने सर्वप्रथम अपनी ऐतिहासिक, राजनैतिक, धार्मिक, आविष्कारों, चिकित्सा आदि संबंधी समस्त जानकारियों को एकत्रित करना आरंभ कर दिया। कंप्यूटर में जानकारियों को एकत्रित करने से उनके नष्ट होने का भय जाता रहा। उनका संरक्षण करना अब आसान हो गया। ऐसा करने से लोगों को महत्वपूर्ण और अधिक-से-अधिक जानकारियाँ उपलब्ध कराई जा सकती थीं। इंटरनेट के आविष्कार ने इस समस्या का समाधान भी कर दिया। कंप्यूटर के आविष्कार से पहले मनुष्य को अपने कार्यों को करने के लिए बड़ी जटिलता से गुजरना पड़ता था। वह अपने पत्र व अन्य कार्यों को टाइपराइटर के माध्यम से करवाया करता था। इससे उसका बहुत समय नष्ट हो जाता था। टाइपराइटर में गलतियों की संभावना बनी रहती थी, इससे कागज़ भी अधिक बर्बाद होते थे। समाचार-पत्रों और पत्र-पत्रिकाओं से संबंधी क्षेत्रों में तो बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परन्तु कंप्यूटर के आविष्कार से इन क्षेत्रों में जो क्रांति आई वह काबिले-तारीफ़ है। कंप्यूटर के माध्यम से डिज़ाइनिंग व छपाई को एक नया स्वरुप मिला। वर्तमान समय की पत्र-पत्रिकाओं व समाचार पत्रों में जो बदलाव आया है, वो भी कंप्यूटर की ही देन है। कंप्यूटर के आविष्कार के साथ ही कई नए कार्य क्षेत्रों का जन्म हुआ, जिससे रोज़गार के नए अवसर भी पैदा हुए। आज कंप्यूटर हर क्षेत्र में अपना स्थान बना चुका है। विभिन्न स्थानों जैसे- हवाई-अड्डा, रेलवे स्टेशन, सरकारी या गैर सरकारी कार्यालय, बैंक, पत्र-पत्रिकाओं, समाचार-पत्रों, अस्पतालों आदि में कंप्यूटर अपनी विशेष पहचान बना चुके हैं। इनके बिना इन क्षेत्रों में होने वाले कार्यों की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। एक विद्यार्थी के लिए तो यह रामबाण औषधि की तरह कार्य करता है। पहले विद्यार्थियों को अपने अध्ययन के लिए पुस्तकों व पत्र-पत्रिकाओं तक ही सीमित रहना पड़ता था, जिससे उनका ज्ञान भी सीमित रहता था। कंप्यूटर के माध्यम से उनका अध्ययन क्षेत्र विस्तृत बन गया है। अब उन्हें एक ही विषय से सम्बन्धित ढेरों जानकारियाँ घर में रहकर ही उपलब्ध हो जाती हैं। उनका ज्ञान क्षेत्र अब सीमित दायरों से निकलकर विशाल समुद्र की तरह हो गया है। कंप्यूटर के इतने सारे गुणों को देखते हुए इसे मानव जीवन का महत्त्वपूर्ण अंग माना गया है। कंप्यूटर के लाभ हैं, तो हानियाँ भी कम नहीं है। यदि कंप्यूटर में वायरस आ जाए, तो समस्त जानकारियाँ नष्ट हो जाती हैं। कुछ अपराधिक लोगों द्वारा, तो कई बैंकों या देश की सुरक्षा संबंधी क्षेत्रों में कंप्यूटर और इंटरनेट के माध्यम से घुसपैठ की जाती है। यह बहुत गंभीर विषय है। साइबर क्राइम इसी से जुड़ा माना जाता है। इसके अधिक प्रयोग से सरदर्द, पीठ दर्द, आँखों संबंधी परेशानी जैसी बहुत-सी बीमारियाँ हो जाती हैं। विद्यार्थियों व अन्य युवा कंप्यूटर के सामने दिनभर बैठे रहते हैं। अपना कीमती समय वह इसमें गेम खेलने में नष्ट कर देते हैं या चैटिंग करने में नष्ट करते हैं, इससे उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ता है। बिजली की खपत भी इससे अधिक होती है। बिजली के नहीं होने पर कंप्यूटर काम करना बंद कर देते हैं। जब तक बिजली नहीं आती, तब तक सारा काम ठप्प हो जाता है। इस आधार पर हम कह सकते हैं कि हर वस्तु के अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के पहलू होते हैं। यदि वह हमारे लिए लाभकारी है, तो कहीं-न-कहीं उसके नुकसान भी अवश्य होते हैं। हमें चाहिए उस वस्तु का प्रयोग सोच-समझकर करें ताकि उसका भरपूर लाभ स्वयं को नुकसान पहुँचाए बिना उठाया जा सके।

  • -1
What are you looking for?